डेस्क खबर

स्नेक रेस्क्यू में दुःखद हादसा ,दूसरों की जान बचाते-बचाते खुद जिंदगी की जंग हार गए मनीष पाटिल!  सांप को डिब्बे में डालते वक्त अचानक हुआ हमला… कैमरे में कैद हुआ मौत का वो खौफनाक पल ..बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में हुआ निधन !



डेस्क खबर बिलासपुर ./  जिस हाथ ने हजारों जहरीले सांपों को काबू कर लोगों की जिंदगी बचाई, उसी हाथ में आखिरी बार मौत का सामना करना पड़ा। नवागढ़ में देर रात स्नेक रेस्क्यू के दौरान जाने-माने स्नेक कैचर मनीष पाटिल को सांप ने डस लिया। हादसे का वीडियो सामने आया है, जिसमें सांप को डिब्बे में डालने के दौरान अचानक मनीष पर हमला करते हुए देखा जा सकता है।



बताया जा रहा है कि 112 की टीम मनीष पाटिल को अपने साथ स्नेक रेस्क्यू के लिए लेकर गई थी। रेस्क्यू के दौरान सांप के डसने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। उन्हें तत्काल नवागढ़ अस्पताल लाया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि समय पर समुचित इलाज नहीं मिल सका। इसके बाद परिजन उन्हें सिम्स बिलासपुर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मनीष पाटिल ने दम तोड़ दिया।
मनीष पाटिल नवागढ़ क्षेत्र में अपनी जान जोखिम में डालकर हजारों सांपों का रेस्क्यू कर चुके थे। जिन लोगों के घरों में सांप घुसने पर दहशत फैल जाती थी, वहां मनीष पहुंचते थे और सांपों को सुरक्षित बाहर निकालकर लोगों को राहत देते थे।
लेकिन इस बार रेस्क्यू का रोमांच जिंदगी पर भारी पड़ गया। मनीष की मौत की खबर ने पूरे नवागढ़ क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक ऐसा शख्स, जिसने वर्षों तक दूसरों को सांपों के खौफ से बचाया, आखिरकार उसी खौफनाक खतरे का शिकार हो गया और मनीष जिंदगी की जंग हार गए ।

error: Content is protected !!