
डेस्क खबर बिलासपुर ../ सकरी थाना क्षेत्र से लगे ग्राम पेंडारी में उस समय हड़कंप मच गया, जब मुरूम खदान में बने तालाब में एक अज्ञात महिला की लाश पानी में तैरती हुई दिखाई दी। तालाब में शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तत्काल सकरी पुलिस को दे दी गई।जानकारी के अनुसार, पेंडारी स्थित मुरूम खदान के तालाब में ग्रामीणों की नजर पानी में तैर रहे महिला के शव पर पड़ी। देखते ही देखते घटना की जानकारी आसपास के लोगों तक पहुंच गई। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने घटना को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस द्वारा महिला की पहचान कराने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की संभावना है। पेंडारी मुरूम खदान के तालाब में अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस मामले की जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा करेगी।

