विश्वप्रसिद्धबस्तर दशहरे में दर्दनाक हादसा! भीतर रैनी रस्म के दौरान रथ की चपेट में आए 2 ग्रामीण, एक की मौत, दूसरे का पैर कटा.! दृश्य देख दहल उठे लोग !!




डेस्क खबर जगदलपुर../ विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरे में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। भीतर रैनी रस्म के दौरान पारंपरिक रथ खींचते समय दो ग्रामीण हादसे की चपेट में आ गए। हादसे में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि घायल युवक का पैर कट गया है और उसे उपचार के लिए महारानी अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस्तर दशहरे की पारंपरिक रस्म के दौरान हुए इस हादसे से वहां मौजूद लोगों में शोक का माहौल है।
बस्तर दशहरा अपनी अनूठी जनजातीय परंपराओं, आस्था और सामूहिक सहभागिता के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। ऐसे में इस पारंपरिक आयोजन के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया है। इस हादसे का दृश्य भी सामने आया है जिसको देख लोग सहम उठे।
हादसे के बावजूद रथ परिक्रमा जारी रही। मृतक की पहचान की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
