


डेस्क खबर मुंगेली../ स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतिम चरण में आयोजित सम्मान समारोह और पुरस्कार वितरण के दौरान उस समय माहौल पूरी तरह देशभक्ति और उत्साह से भर गया, जब स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की प्रस्तुति ने ऐसा समां बांधा कि मंच पर मौजूद अतिथि और अधिकारी भी खुद को थिरकने से नहीं रोक सके। देशभक्ति गीतों की धुन पर स्थानीय विधायक एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुन्नूलाल मोहले, मुंगेली कलेक्टर कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए थिरकते नजर आए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस अंदाज और डांस स्टेप को देखकर कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने भी जमकर तालियां बजाईं और अधिकारियों जमकर उत्साह वर्धन किया ।
विधायक बोले—खुशी का माहौल था, खुद को रोकना मुश्किल
स्थानीय विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का अवसर ही खुशी और देशभक्ति से भरा हुआ है। जब माहौल इतना खुशनुमा हो और सामने देशभक्ति गीत बज रहे हों तो खुद को रोक पाना मुश्किल था।
कलेक्टर बोले—ऐसी धुन पर नाचना तो बनता है
कलेक्टर कुंदन कुमार ने भी इस पल को यादगार बताया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति गीत और उसकी धुन ही ऐसी होती है कि इंसान अपने आप को रोक नहीं पाता। जब माहौल खुशनुमा हो तो नाचना तो बनता ही है।
एसपी बोले—साथ देना मेरा दायित्व था
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि देशभक्ति संगीत पर विधायक पुन्नूलाल मोहले और कलेक्टर कुंदन कुमार थिरक पड़े तो उनका साथ देना उनका दायित्व था। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के इस खुशनुमा माहौल में सिर्फ अधिकारी ही नहीं, बल्कि पूरा शहर खुशी से झूम रहा है।
देशभक्ति के रंग में रंगे इस पल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को और भी यादगार बना दिया। बच्चों के साथ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का यह अंदाज कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहा और इनका देशभक्ति के दौरान इस डांस की जमकर तारीफ हो रही है खासकर मुंगेली जिले के कलेक्टर और पुलिस कप्तान के डांस के कारण मंच से लेकर दर्शक दीर्घा तक उत्साह नजर आया और देशभक्ति गीतों ने हर दिल में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत कर दिया। शायद यही कारण था कि मुंगेली में देश की आन बान शान का प्रतीक तिरंगा लहराता रहा… देशभक्ति गीत गूंजते रहे… और पूरा मुंगेली भारत माता के जयकारों के साथ झूमता रहा।












