डेस्क खबरबिलासपुर

15 अगस्त से पहले आई शर्मनाक तस्वीरें, तिरंगे का अपमान या लापरवाही? होली क्रॉस मिशन अस्पताल में झाड़ू से राष्ट्रीय ध्वज साफ करने का वीडियो हुआ वायरल.?



डेस्क खबर बिलासपुर। देश 15 अगस्त की तैयारियों में जुटा है, तिरंगे के सम्मान में जगह-जगह तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। लेकिन इसी बीच अंबिकापुर  के होली क्रॉस मिशन अस्पताल से सामने आया एक वीडियो लोगों को हैरान और नाराज कर रहा है। वायरल वीडियो में एक सफाईकर्मी कथित तौर पर झाड़ू से राष्ट्रीय ध्वज को साफ करता नजर आ रहा है। इस दौरान देश की आन बान शान माने जाने वाले देशभक्ति के प्रतीक तिरंगे को कचरे के बीच फर्श पर पड़ा देखा भी जा सकता है सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद 15 अगस्त से ठीक पहले आए इस शर्मनाक घटना से देशभक्तो में काफी आक्रोश देखा जा सकता है ।


घटना का वीडियो अस्पताल में मौजूद मरीज के परिजनों ने बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आते ही लोगों में नाराजगी फैल गई। लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज कोई सामान्य कपड़ा नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। 15 अगस्त से पहले तिरंगे की ऐसी तस्वीर क्यों?
एक तरफ देशभर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर तिरंगे के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अस्पताल परिसर से सामने आया यह वीडियो व्यवस्था और जिम्मेदारों की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि राष्ट्रीय ध्वज को झाड़ू से साफ करने की अनुमति आखिर किसने दी? क्या अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी थी? अगर जानकारी नहीं थी तो परिसर में राष्ट्रीय ध्वज की देखरेख कौन कर रहा था?
कैमरे के सामने आने से क्यों बच रहा प्रबंधन?
मामले में अस्पताल प्रबंधन से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रबंधन कैमरे के सामने कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। यही चुप्पी अब मामले को और गंभीर बना रही है।
हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन यदि वीडियो में दिखाई दे रही घटना वास्तविक है तो राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा को लेकर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होना जरूरी है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेता है या फिर मामला सोशल मीडिया की सुर्खियों तक ही सीमित रह जाता है।

error: Content is protected !!