


रिपोर्ट –अरविंद सिंह
डेस्क खबर बिलासपुर ,मरवाही../ जिले के मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत उषाढ़ गांव में दिनदहाड़े एक किराना व्यवसायी के कथित अपहरण का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार कार सवार कुछ अज्ञात लोग स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर गांव पहुंचे और पिस्तौल दिखाकर व्यवसायी गिरीश यादव को अपने साथ ले गए। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार उषाढ़ निवासी गिरीश यादव को कुछ अज्ञात लोग जबरन कार में बैठाकर ले गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और हथियार के बल पर व्यवसायी को अपने साथ ले जाने की बात कही। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल मरवाही थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इस मामले से जुड़ा सीसीटीवी भी सामने आया है जिसमें बदमाशों को साफ साफ देखा जा सकता है ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों सहित आसपास के जिलों को भी सूचना भेजी गई है। इधर, इस घटना के बाद क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। गिरीश यादव का नाम वर्ष 2022 में सामने आए एक बड़े गांजा तस्करी प्रकरण में भी आया था। उस दौरान पुलिस ने लगभग 22 क्विंटल 50 किलोग्राम गांजा जब्त किया था, जिसे हाइवा वाहन में गिट्टी के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। मामले में गिरीश यादव सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
हालांकि वर्तमान अपहरण की घटना का पुराने मामले से कोई संबंध है या नहीं, इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और जल्द ही महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

उषाढ़ गांव में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं परिजन व्यवसायी की सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही इस अपरहण के रहस्य से पर्दा उठेगा कि आखिर गिरीश यादव को ले जाने वाले लोग कौन थे, उनका मकसद क्या था और व्यवसायी को सुरक्षित कब तक खोज निकाला जाता है।