डेस्क खबरबिलासपुर

साप्ताहिक बाजार में फिल्मी अंदाज में खूनी वारदात , गोलियों की गूंज से दहला बाजार ..
सराफा कारोबारी की सीने में गोली मारकर हत्या, लाखों की लूट की आशंका पल्सर सवार तीन बदमाश फरार…



रिपोर्ट : अरविंद सिंह

डेस्क खबर./ बिलासपुर की न्यायधानी बिलासपुर से अलग हुए पेंड्रा थाना क्षेत्र के कोटमी साप्ताहिक बाजार में मंगलवार शाम उस वक्त चीख-पुकार और भगदड़ मच गई, जब बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने बीच बाजार सराफा कारोबारी को गोली मार दी। गोलियों की आवाज से पूरा बाजार दहल उठा और देखते ही देखते आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या और लूटकांड से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक पेंड्रा निवासी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू कोटमी के साप्ताहिक बाजार में सोने-चांदी का कारोबार करने पहुंचे थे। शाम के वक्त बाजार में भारी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान पल्सर बाइक में सवार तीन युवक अचानक बाजार के भीतर पहुंचे और सीधे व्यापारी को निशाना बना लिया। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, बदमाशों ने कारोबारी के सीने में गोली दाग दी। गोली लगते ही व्यापारी लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोली चलने के बाद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। बदमाश वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी सोने-चांदी और नगदी से भरा बैग भी अपने साथ ले गए हैं। हालांकि लूट की गई रकम और सामान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


घायल व्यापारी को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही पेंड्रा पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल से एक कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जिलेभर में नाकेबंदी कर दी गई है। वही आसपास के जिले में भी पुलिस को एलर्ट जारी किया है । भीड़भाड़ वाले बाजार में खुलेआम हुई हत्या और लूट की इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों में भारी आक्रोश है और इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।

error: Content is protected !!