

डेस्क खबर बिलासपुर ../ बिलासपुर में एक सड़क हादसे में घायल हुए पत्रकार पुत्र के इलाज को लेकर प्रेस क्लब ने संवेदनशील पहल करते हुए मुख्यमंत्री से सहायता की मांग की है। प्रेस क्लब के सदस्य सरफराज मेमन के बेटे मोहम्मद अल्फाज बीती रात हुए हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर में गंभीर चोट आई है। उनका इलाज शहर के अपोलो अस्पताल में जारी है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर प्रेस क्लब सक्रिय हुआ और अध्यक्ष अजित मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सर्किट हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने घायल युवक के इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने का ज्ञापन सौंपा।

मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्रकार परिवार के प्रति गहरी सहानुभूति व्यक्त की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप अग्रवाल, शादाब खान और अमन सिंह समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
