डेस्क खबरबिलासपुर

BNI मेला के बाद साइंस मैदान बना कचरा घर, मेला आयोजकों की लापरवाही और निगम की बेरुखी उजागर ! तस्वीरों ने खोली निगम के दावों की पोल .!!



डेस्क खबर बिलासपुर ./ बिलासपुर के सीपत रोड स्थित साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित BNI उद्योग व्यापार मेला समाप्त करीब एक हफ्ता बीत चुका है, लेकिन अब तक मेला स्थल की सफाई नहीं कराई गई। मैदान चारों तरफ कूड़ा-करकट से पटा हुआ है। पॉलीथिन, डिस्पोजेबल प्लेट-दोने, जूठन, कपड़ों के चिथड़े और अन्य कचरे के ढेर लगे हैं। हालात ऐसे हैं कि मैदान में मवेशियों का झुंड कचरे के बीच चारा तलाशता नजर आ रहा है, वहीं बच्चे इसी गंदगी के बीच साइकिल चलाने को मजबूर हैं।



जिस साइंस मैदान को नगर निगम ने दिल्ली के प्रगति मैदान की तर्ज पर विकसित करने का दावा किया था, वह आज कबाड़ी के ठीहे जैसा दिख रहा है। पूरे परिसर में बांस-बल्ली के गड्ढे बने हुए हैं, जिससे खिलाड़ियों और मॉर्निंग वॉकरों को भारी परेशानी हो रही है। मैदान का एक छोर बना स्टेज भी पूरी तरह जर्जर हालत में है, जो निगम के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।



मेले के दौरान स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर बड़े-बड़े दावे किए गए थे। नेताओं और अधिकारियों ने मंच से भाषण दिए, स्वागत-सम्मान भी हुआ, लेकिन मेला खत्म होते ही आयोजक और प्रशासन दोनों जिम्मेदारी से मुंह मोड़ते नजर आ रहे हैं। न तो आयोजकों ने नियमों के अनुसार सफाई कराई और न ही नगर निगम ने पहल की। अब खिलाड़ी और मॉर्निंग वॉकर मैदान की सफाई का इंतजार कर रहे हैं, ताकि वे फिर से सुरक्षित तरीके से मैदान का उपयोग कर सकें। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन मेला आयोजकों के खिलाफ क्या कार्यवाही  करता है ।

error: Content is protected !!