
बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बंद पड़े नाले के भीतर से एक युवक की आवाजें सुनाई दीं। राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों ने पहले तो इसे भ्रम समझा, लेकिन आवाजें लगातार आने पर लोगों ने तुरंत जेसीबी मशीन की मदद से नाले की स्लैब तोड़वाई, जिसके बाद अंदर फंसे युवक को बाहर निकाला गया।
बाहर लाए गए युवक की पहचान राम कुमार चौहान के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक काफी समय से बनाले के अंदर फंसा हुआ था। अत्यंत कमजोर हालत में उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस नाले से युवक को निकाला गया, वह महीनों से पूरी तरह बंद था। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि युवक आखिर नाले के अंदर पहुंचा कैसे। क्या यह हादसा है, लापरवाही है या इसके पीछे कोई और रहस्य छिपा है—इसको लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि युवक के स्वस्थ होने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे, तभी पूरी घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल यह मामला रहस्य बना हुआ है।