Uncategorizedडेस्क खबरबिलासपुर

रसूखदारों को प्रशासन का संरक्षण? ग्राम सागर में फर्जी पट्टा और शासकीय भूमि पर कब्जे के आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश दी सामूहिक आंदोलन की चेतावनी ..!!



डेस्क खबर बिलासपुर./ बिलासपुर के तखतपुर स्थित ग्राम पंचायत सागर में शासकीय भूमि पर फर्जी पट्टा जारी कर रसूखदार परिवार को लाभ पहुंचाने के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है। ग्रामवासियों ने प्रशासनिक अधिकारियों पर पूर्व सरपंच के पति व उनके परिवार को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मामला सीधे जनहित और जनसुरक्षा से जुड़ा है, इसके बावजूद वर्षों से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही।
ग्रामीणों के अनुसार खसरा नंबर 287 शासकीय भूमि है, जिसमें तालाब एवं निस्तार भूमि दर्ज है। आरोप है कि इसी भूमि पर ग्राम पंचायत सागर के पूर्व सरपंच प्रतिभा नागमणि एवं तत्कालीन सचिव सुनीता यादव द्वारा नियमों को दरकिनार कर फर्जी पट्टा जारी किया गया। इस पट्टे के आधार पर महेंद्र तिवारी एवं उनके परिजनों के नाम दर्ज कर दिए गए, जबकि उक्त भूमि का उपयोग अन्य ग्रामीण वर्षों से निस्तार के लिए करते आ रहे हैं।


ग्रामीणों ने बताया कि इस अनियमितता के खिलाफ कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन प्रशासन की उदासीनता के चलते आज तक न तो निष्पक्ष जांच हुई और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई। इससे ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है और वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि नवयुवक सेवा समिति द्वारा पूर्व में अवैध कब्जा रोकने के उद्देश्य से निस्तार मार्ग पर बैरिकेडिंग की गई थी, जिसे बाद में तहसीलदार के आदेश पर हटवा दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि बैरिकेडिंग हटने से निस्तार मार्ग बाधित हुआ और अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिला, जिससे गांव की सुरक्षा और अधिकारों पर खतरा उत्पन्न हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि बीते पांच वर्षों से भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार शिकायतें की जा रही हैं, परंतु कार्रवाई के अभाव में उनका उत्पीड़न बढ़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष जांच कराई जाए, फर्जी पट्टे को निरस्त किया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वे सामूहिक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की  रहेगी

error: Content is protected !!