डेस्क खबरबिलासपुर

बिलासपुर में तीन मासूम बच्चों के साथ महिला लापता, एक हफ्ते बाद भी पुलिस के हाथ खाली, सवालों के घेरे में जांच ? पति ने मीडिया से लगाई गुहार ,पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप !!



डेस्क खबर बिलासपुर./ प्रदेश की न्यायधानी बिलासपुर शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हुए है ,जहां इलाज के लिए कबीरधाम जिले से आई महिला अपने तीन मासूम बच्चों के साथ रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है । जहां 26 वर्षीय महिला पुष्प नंदिनी अपने तीन बच्चों के साथ पिछले लगभग सात दिनों से लापता है। महिला के साथ एक दो महीने का दुधमुंहा बच्चा भी शामिल है, लेकिन इतने संवेदनशील मामले के बावजूद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि पुलिस इस गुमशुदगी को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है।और परिजनों को किसी प्रकार की जानकारी भी नहीं दे रही है ।



मूल रूप से कबीरधाम जिले के पांडा तराई की रहने वाली पुष्प नंदिनी के पति राजेंद्र कुमार ने सिविल  लाइन थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 2 फरवरी को पुष्प नंदिनी ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही थी और बताया था कि उसका मायका बिलासपुर में है, जहां अच्छे अस्पताल में इलाज संभव है। इसी कारण राजेंद्र कुमार ने अपनी पत्नी और तीनों बच्चों को शारदा बस में बैठाकर बिलासपुर भेजा था।


इसके बाद से महिला और बच्चों से किसी भी तरह का संपर्क नहीं हो पाया है। मोबाइल फोन बंद आ रहा है और न ही मायके या किसी परिचित के यहां उनकी मौजूदगी की पुष्टि हो सकी है। एक नवजात शिशु के साथ महिला का इस तरह गायब होना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। परिजनों को आशंका है कि कहीं महिला और बच्चों के साथ कोई अनहोनी तो नहीं हो गई या फिर किसी साजिश के तहत उनका अपहरण कर लिया गया हो।


पति राजेंद्र कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी पुलिस की ओर से सक्रिय जांच या ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। बस स्टैंड, सीसीटीवी फुटेज और संभावित ठिकानों की जांच को लेकर भी अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

अपने मासूम बच्चों और पत्नी के यू एकाएक गायब होने के बाद परेशान पीड़ित पति ने बिलासपुर पुलिस के साथ-साथ आम जनता से भी मीडिया के माध्यम से अपील की है कि यदि किसी को उसकी पत्नी पुष्प नंदिनी और तीनों बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सवाल यह है कि आखिर कब तक पुलिस इस रहस्यमय गुमशुदगी से पर्दा उठा पाएगी और कब इतने संवेदनशील मामले में गंभीर होगी .?? हालांकि पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना में जुटी हुई है ।

error: Content is protected !!