बिलासपुर के सकरी में ऑटो चालक की सरेआम पिटाई का वीडियो हुआ वायरल .! थाने तक पहुंचा वीडियो पर भी नहीं हुई तहकीकात ! क्या है सच बना हुआ है सस्पेंस .??

डेस्क खबर बिलासपुर. प्रदेश की न्यायधानी बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अटल आवास के पास एक महिला द्वारा ऑटो चालक की सरेआम पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिला ने ऑटो चालक पर बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए बीच सड़क उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और पूरा घटनाक्रम किसी ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ऑटो चालक हाथ जोड़कर खुद को निर्दोष बताने की कोशिश करता रहा, लेकिन महिला का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वही इस गंभीर मामले का वीडियो और मामले की जानकारी सकरी पुलिस के संज्ञान तक मीडिया के माध्यम से पहुंच भी चुका है ,लेकिन थाने में शिकायत दर्ज नहीं होने के कारण तहकीकात नहीं हो पाई है ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला का आरोप था कि ऑटो चालक ने बच्चियों के साथ गलत व्यवहार किया है, हालांकि इस आरोप की पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। हैरानी की बात यह है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद मामले को लेकर न तो महिला और न ही किसी अन्य व्यक्ति द्वारा सकरी थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों का दावा है कि ऑटो चालक द्वारा कोई छेड़छाड़ नहीं की गई थी। उनका कहना है कि बच्चियों को गंतव्य तक छोड़ने के बाद किराया मांगने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उस पर झूठा आरोप लगाकर सरेआम पिटाई की गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आरोप कितने सही हैं, लेकिन सरेआम पिटाई और बिना जांच के किसी को दोषी ठहराना कई सवाल खड़े करता है। प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर भी अब सवाल उठने लगे हैं। वही वीडियो सामने आने के बाद अब भी अनसुलझे सवाल खड़े हो रहे है कि यदि छेड़छाड़ हुई थी तो शिकायत क्यों नहीं की गई? और यदि आरोप गलत थे तो ऑटो चालक के साथ हुई सरेआम मारपीट पर कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? देखना होगा कि पूरे मामले का सच कब तक सामने आ पाता है और ऑटो चालक की पिटाई का सस्पेंस कब तक खत्म हो पाता है ।