
अरविंद सिंह की कलम से
डेस्क खबर बिलासपुर./गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के अमरकंटक बॉर्डर क्षेत्र में अवैध रेत तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। अंतरराज्यीय रेत तस्करी को रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर मध्य प्रदेश से आए रेत माफियाओं ने हमला करने और वनकर्मियों को कुचलने की कोशिश की। हालांकि, सतर्कता और सूझबूझ से वनकर्मी बाल-बाल बच गए। इस दौरान पकड़ने गई टीम ने तस्करो का करीब 6 किलोमीटर तक पीछा भी किया जिसके बाद रेत चोर गाड़ी छोड़कर फरार होने में कामयाब हो गए ।
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग को लंबे समय से अमरकंटक बॉर्डर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान मध्य प्रदेश की ओर से आ रही रेत से लदी गाड़ियों को रोका गया। बताया जा रहा है कि ये गाड़ियां अमरकंटक क्षेत्र में सक्रिय रेत माफिया मोहम्मद इब्राहिम से जुड़ी थीं।

कार्रवाई के दौरान तस्करों ने वाहनों की रफ्तार बढ़ाकर वनकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया और करीब 6 किलोमीटर तक पीछा भी हुआ। अंततः वन विभाग ने एक रेत से भरी ट्रक और एक कार को जब्त कर लिया। तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।गौरेला रेंजर प्रबल दुबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। अवैध रेत तस्करी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।