

डेस्क खबर रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजा तालाब स्थित झंडा चौक में रहने वाले आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के घर पर नगर निगम का बुलडोजर चला दिया गया। यह कार्रवाई नगर निगम द्वारा पूर्व में जारी किए गए नोटिस के बाद की गई, जिसमें आरोपी को सात दिनों के भीतर मकान से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर आज सुबह आरोपी के मकान को जमींदोज कर दिया गया।
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम की टीम और स्थानीय पार्षद मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए, जिनमें आरोपी के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला।
स्थानीय पार्षद कैलाश बेहरा ने कहा कि इस तरह के जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ ऐसी ही कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि उनके वार्ड में कोई भी इस तरह का कृत्य करता है, तो प्रशासन को बिना किसी दबाव के कठोर कदम उठाने चाहिए। पार्षद ने यह भी कहा कि इस कार्रवाई से समाज में एक मजबूत संदेश जाएगा।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने स्वयं क्षेत्र का दौरा किया था और आरोपी की दुकान एवं मकान को तोड़ने के निर्देश दिए थे। आरोपी मोहल्ले में चूड़ियां बेचने के साथ-साथ चॉकलेट, नड्डा और मुर्रा की दुकान चलाता था। आरोप है कि वह इन्हीं चीजों का लालच देकर 9 साल की मासूम बच्ची को अपने घर ले जाता था और 7 जनवरी से 11 जनवरी के बीच उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया था प्रशासन की इस बुलडोजर कार्यवाही को जनसमर्थन भी मिल रहा है और जनता ऐसी ही कार्यवाही की मांग कर रही है ।