VIDEO –मंत्री जी की बैठक अंदर, नाराजगी बाहर! भाजपा में पदों को लेकर घमासान …मंत्री की मौजूदगी में पार्टी कार्यालय के बाहर दिखा असंतोष, अपनो’ को पद और परिवारवाद के आरोपों से BJP में मची खलबली!!

डेस्क खबर छत्तीसगढ़./ भाजपा संगठन की बैठक के भीतर भले ही सब कुछ सामान्य नजर आया हो, लेकिन कार्यालय के बाहर खड़े कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने पार्टी के भीतर चल रही खींचतान की कहानी जरूर बयां कर दी। नारायणपुर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप की मौजूदगी में हुई बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे कई कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि बाहर नजर आए। बताया जा रहा है कि बीजेपी में चल रहे परिवारवाद से कार्यकर्ता भारी नाराज है और अब खुलकर नाराजगी भी जाहिर कर रहे है।मामला संगठन में पदों के बंटवारे से जुड़ा बताया जा रहा है। कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा है कि पार्टी के लिए सालों से जमीन पर पसीना बहाने वालों की बारी कब आएगी और संगठनात्मक पदों की कुर्सी आखिर घूम-फिरकर उन्हीं परिवारों तक क्यों पहुंचती है?भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि संगठन में मेहनत और समर्पण ही पद का आधार है, तो फिर एक ही परिवार के आसपास जिम्मेदारियां सिमटने की शिकायतें क्यों सामने आ रही हैं? जाहिर है, सवाल छोटा नहीं है और जवाब भी संगठन को ही देना होगा।सबसे दिलचस्प तस्वीर बैठक के बाहर दिखाई दी। अंदर संगठन की बैठक चल रही थी और बाहर कार्यकर्ताओं की नाराजगी अपना अलग संदेश दे रही थी। इसे महज संयोग माना जाए या संगठन के भीतर बढ़ती बेचैनी का संकेत, यह भाजपा नेतृत्व के लिए विचार का विषय जरूर है।
फिलहाल पार्टी के वरिष्ठ नेता मामले को लेकर स्थिति संभालने में जुटे हैं। लेकिन सवाल वही है—जिस कार्यकर्ता के दम पर पार्टी बूथ तक मजबूत होती है, क्या पद बांटते समय उसकी बारी भी आएगी या ‘अपनों’ की सूची ही संगठन का भविष्य तय करती रहेगी?अब निगाहें भाजपा संगठन पर हैं कि वह इस नाराजगी को संवाद से दूर करता है या फिर यह असंतोष आने वाले दिनों में और मुखर होता है।
