नशे में धुत्त युवक की हैवानियत: बेल्ट से आधे घंटे तक पीटते रहे, पीड़ित हाथ जोड़कर लगाते रहे गुहार.! मां घर में कर रही थी इंतजार .!!


डेस्क खबर कोरबा। इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। खरमोरा अटल आवास में 2 अक्टूबर की रात नशे में धुत्त एक युवक ने दो युवकों को बेरहमी से आधे घंटे तक बेल्ट से पीटा। इस दौरान पीड़ित युवक बार-बार हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगते रहे। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक पीड़ित युवक बार-बार गिड़गिड़ाकर कह रहा है – “मोला जान देवा गा, मोर मां मर जाही… आज दशहरा है, 7 बजे तक घर पहुंचना है”। लेकिन दरिंदे युवक का दिल नहीं पसीजा।
पीड़ित के निवेदन के बावजूद आरोपी लगातार वार करता रहा और “भगवा राज जिंदाबाद” के नारे लगाता रहा। हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल पर मौजूद अन्य युवक न तो पीड़ितों की मदद करने आगे आए और न ही आरोपी को रोक पाए, बल्कि पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में कैद करते रहे। इतना ही नहीं, वीडियो कॉल के जरिए किसी शख्स को यह पूरी घटना लाइव भी दिखाई गई। पीड़ित युवक उसी शख्स से भी हाथ जोड़कर दया की भीख मांगते नजर आए, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि पिटाई करवाने के पीछे वीडियो कॉल पर मौजूद वही व्यक्ति मुख्य आरोपी हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार, मारपीट करने वाला युवक खरमोरा का ही रहने वाला है जबकि पिटाई झेलने वाले दोनों युवक मुड़ापार के बताए जा रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।
फिलहाल, पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि बेल्ट से पिटाई करने वाले युवक, वीडियो कॉल पर मौजूद शख्स और घटना के दौरान मौजूद अन्य युवकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। यह घटना समाज और कानून व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े करती है कि आखिर लोग पीड़ित की मदद करने के बजाय तमाशबीन क्यों बने रहते हैं।