डेस्क खबरबिलासपुर

पुलिस की लापरवाही से छेड़छाड़ का आरोपी थाने से फरार, हिरासत में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल ! दो दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर ..


डेस्क खबर कोरबा./ जिले में पुलिस की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया आरोपी पुलिस हिरासत से पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में फरार हो गया। बताया जा रहा है कि युवती से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर थाने लाया था। हिरासत में रखने के दौरान आरोपी ने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और पुलिसकर्मियों की निगरानी को धता बताते हुए मौके से भाग निकला। घटना ने थाने की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी को हथकड़ी पहना के रखा गया था बाथरूम जाने के दौरान जब हथकड़ी खोली गई तो आरोपी पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड भी हुई है
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला पसान थाना क्षेत्र का है। आरोपी खीरचंद के खिलाफ युवती से छेड़छाड़ के मामले में धारा 354 के तहत केस दर्ज था। अपराध दर्ज होने के बाद वह लंबे समय से फरार चल रहा था। कोर्ट ने उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया था। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान उसके बारे में सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान उसने बाथरूम जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने बिना पर्याप्त निगरानी और सुरक्षा इंतजाम के उसे बाथरूम जाने दिया। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। हिरासत में मौजूद आरोपी के इस तरह भाग निकलने से पुलिस की सतर्कता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
आरोपी के भागने की जानकारी मिलते ही थाने में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी। आरोपी की तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस हिरासत से फरार होने का अपराध दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश का दावा किया जा रहा है। हालांकि, सवाल यह है कि वारंट जारी होने के बावजूद लंबे समय से फरार आरोपी को पकड़ने के बाद भी पुलिस उसे सुरक्षित हिरासत में क्यों नहीं रख सकी।
वहीं, इस घटना के बाद पुलिस थानों की सुरक्षा व्यवस्था, हिरासत में रखे आरोपियों की निगरानी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोपी का पुलिस हिरासत से फरार होना महज एक चूक नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही का संकेत है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर क्या कार्रवाई होती है और फरार आरोपी को पुलिस कब तक गिरफ्तार कर पाती है।

error: Content is protected !!