
डेस्क खबर ../ बिलासपुर स्थित एसईसीएल मुख्यालय ऑडिटोरियम में विश्व पर्यावरण दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण से हुई, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मंचस्थ अतिथियों द्वारा ‘पर्यावरण दर्पण’ पत्रिका का विमोचन किया गया। अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई, जिसे सभी उपस्थितों ने दोहराया। कार्यक्रम में पर्यावरण जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन ‘अग्रज नाट्य दल’ द्वारा किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
अपने संबोधन में हरीश दुहन ने कहा कि पर्यावरण दिवस हमें यह सोचने को मजबूर करता है कि हम आने वाली पीढ़ियों के लिए कैसी प्रकृति छोड़कर जाएंगे। उन्होंने भारतीय संस्कृति में वृक्षों की पूजा परंपरा का उल्लेख करते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण और संरक्षण की अपील की। साथ ही उन्होंने प्लास्टिक के न्यूनतम उपयोग और रीसाइक्लिंग पर बल दिया।
कार्यक्रम में आयोजित निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। हिंदी निबंध में मो. इदु प्रथम, सफीना द्वितीय और जयंत कुमार मिश्र तृतीय स्थान पर रहे। अंग्रेजी निबंध प्रतियोगिता में दिव्या चौबे प्रथम, बीके शुक्ला द्वितीय और डॉ. अलका उषा रानी तृतीय रहीं। चित्रकला में शिवली गांगुली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

