होली पर कांग्रेस का मुसवा फाग गीत लांच ,मचा सियासी संग्राम भूपेश बघेल सहित कांग्रेसी नेताओं ने दी आवाज !


डेस्क खबर ../ होली से पहले छत्तीसगढ़ की राजनीति में फाग गीत के जरिए सियासी रंग घुल गया है। प्रदेश कांग्रेस ने कथित 7 करोड़ रुपए के धान घोटाले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए एक व्यंग्यात्मक फाग गीत जारी किया है, जो अब राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है। गीत की पंक्तियां — “दे दे बुलउवा मुसवा को सांय-सांय, मुसवा बिन घोटाला नई होय… 7 करोड़ का धान घोटाला, दे दे बुलउवा विष्णु जी सांय-सांय” — के माध्यम से कांग्रेस ने सरकार पर तंज कसा है। इस गीत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के कई नेताओं और प्रवक्ताओं ने अपनी आवाज दी है। पार्टी ने इसे होली की सांस्कृतिक परंपरा के तहत राजनीतिक व्यंग्य बताया है। होली के पहले कांग्रेस का यह सॉन्ग लांच हुआ है जिसके जरिए कांग्रेस धान घोटाले मामले में बीजेपी पर चुटकी लेती नजर आ रही है ।
दरअसल, कवर्धा कबीरधाम जिले के चारभांठा और पंडरिया ब्लॉक के बघर्रा धान उपार्जन केंद्र में करीब 26 हजार क्विंटल धान की कमी सामने आई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 करोड़ रुपए बताई जा रही है।जिला विपणन अधिकारी (DMO) अभिषेक मिश्रा ने प्रारंभिक तौर पर धान की कमी के लिए चूहों, दीमक और मौसम को कारण बताया था। हालांकि मामले की जांच जारी है। गंभीरता को देखते हुए मार्कफेड प्रबंधन ने DMO को निलंबित कर दिया है। होली के माहौल में सामने आया यह फाग गीत अब प्रदेश की राजनीति में नई बहस को जन्म दे रहा है।