

डेस्क खबर बिलासपुर ../ बिलासपुर के मंगला क्षेत्र स्थित गजमोहिनी अपार्टमेंट में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब ग्राउंड फ्लोर पर संचालित एक इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे अपार्टमेंट परिसर में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। जैसे ही आग की सूचना अपार्टमेंट में रहने वालो को लगी तो हड़कंप मच गया और आनन फानन में तत्काल अपार्टमेंट को पूरी तरह खाली करवाया गया । इस आगजनी में काबू पाने के लिए सूचना के एक घंटे बाद पहुंची करीब 10 दमकल की गाड़ियों ने काबू पाया । मिली जानकारी के अनुसार अपार्टमेंट में पार्किंग की जगह बिना अनुमति के गोदाम संचालित किया जा रहा था ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे गोदाम में मौजूद कर्मचारियों ने सबसे पहले धुआं उठते देखा। शुरुआत में मामूली धुआं दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। अपार्टमेंट में कुल 48 फ्लैट बने हुए हैं, हालांकि घटना के समय कितने परिवार वहां मौजूद थे, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन शुरुआती समय में पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने और लोगों की संख्या कम होने के कारण आग पर तुरंत काबू नहीं पाया जा सका। सूचना मिलने के लगभग एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार गोदाम का आकार बड़ा होने के साथ अंदर जाने का रास्ता सीमित था, जिससे आग बुझाने में काफी कठिनाई हुई। घने धुएं और अत्यधिक गर्मी के कारण दमकल कर्मियों को अंदर प्रवेश करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में टीम ने दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने की रणनीति अपनाई, जिसके बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया।
इस हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।