

डेस्क खबर बिलासपुर./ छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार सौम्या चौरसिया को हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अब वो लंबे अंतराल के बाद जेल से बाहर निकलेगी । शनिवार को हाईकोर्ट ने सौम्या चौरसिया की जमानत याचिका मंजूर कर ली है। सौम्या ने ईडी और एसीबी/ ईओडब्ल्यू के खिलाफ याचिकाएं लगाई थी। पिछली सुनवाई में हाईकोर्ट ने सभी पक्षों को सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रखा था। आए फैसले में सौम्या की याचिका को मंजूर किया गया। यह मामला जस्टिस अरविंद कुमार वर्मा के सिंगल बेंच में लगा था।सौम्या चौरसिया के वकील हर्षवर्धन परगनिहा ने बताया कि हाईकोर्ट ने जमानत याचिका स्वीकार कर ली गई है। जमानत शर्तों के साथ दी गई है। विस्तृत आर्डर अभी नहीं मिला है। फिर भी कहा गया है कि जिस दिन ईडी इस केस में चार्जशीट प्रस्तुत करेगी, उस दिन उन्हें बेल मिल जाएगा। कहा जा रहा है कि ईडी इस मामले में जल्द चालान प्रस्तुत करने की तैयारी में है।

उल्लेखनीय है कि, दो महीने पहले ED ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल की उप सचिव रही सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार किया था। सौम्या चौरसिया को पूछताछ के लिए रायपुर बुलाया गया था, जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी कर ली गई थी। जिसके बाद स्पेशल कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया था। तब से वे जेल में बंद थी।

30 मई 2025 को कोल लेवी घोटाला और DMF घोटाला मामले में सौम्या चौरसिया समेत 6 आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट ने सशर्त जमानत दी थी। इसके बाद आरोपी रायपुर के सेंट्रल जेल से रिहा हो गए, जिसमें निलंबित आईएएस रानू साहू, समीर बिश्नोई भी शामिल थे।जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस दीपांकर दत्ता की डबल बेंच ने जमानत याचिका पर सुनवाई की थी। जस्टिस सूर्यकांत ने सभी आरोपियों को गवाहों को प्रभावित करने की आशंका के चलते छत्तीसगढ़ में रहने पर पाबंदी लगाई थी। कोर्ट ने कहा था कि जिस जगह पर रहेंगे उनका एड्रेस संबंधित थाने को देना होगा। सभी आरोपी लगभग 2 साल से जेल में बंद थे। सौम्या चौरसिया दिसंबर 2022 में गिरफ्तार हुई थी। गौरतलब है कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी पूरे मामले में दो हफ्ते के अंदर मामले में निर्णय लेने के निर्देश जारी किए थे । हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार ईडी मामले में जमानत मिलने के बावजूद एसीबी/ईओडब्ल्यू द्वारा दर्ज प्रकरण में विशेष न्यायालय रायपुर में चार्जशीट प्रस्तुत होने के बाद ही उनकी रिहाई संभव होगी। बताया जा रहा है कि चार्जशीट दाखिल होने में लगभग 45 दिन का समय लग सकता है।ऐसे में कानूनी राहत मिलने के बावजूद सौम्या चौरसिया को फिलहाल कुछ समय और जेल में रहना पड़ेगा।