

डेस्क खबर बिलासपुर../ छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को शहर प्रवास के दौरान बिलासपुर प्रेस क्लब की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी और पत्रकारों ने सौजन्य मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। यह मुलाक़ात बिल्हा क्षेत्र के रहंगी में हुई, जहाँ प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा के नेतृत्व में पदाधिकारियों और वरिष्ठ पत्रकारों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने मुख्यमंत्री साय का विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि कोनी से बिरकोना तक पत्रकार कॉलोनी एवं क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया जाना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि यह सड़क न केवल पत्रकार कॉलोनी बल्कि आसपास के नागरिकों के लिए भी आवागमन को सुगम बनाएगी और क्षेत्र के विकास को नई गति देगी। प्रेस क्लब की ओर से मुख्यमंत्री को इस जनहितैषी निर्णय के लिए कृतज्ञता प्रकट की गई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर प्रेस क्लब की नव-निर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ ग्रहण की बधाई दी और पत्रकार हित में सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभाने की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पत्रकार समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन निष्पक्षता और प्रतिबद्धता के साथ करें, यही अपेक्षा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सचिव संदीप करिहार, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, सह-सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव, पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवई, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

मुलाक़ात के दौरान अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने मुख्यमंत्री को बिलासपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित पारंपरिक होली मिलन एवं फाग महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। इस पर मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में शामिल होने का पूरा प्रयास करने का आश्वासन दिया।
