तहसील का चपरासी लग्जरी कार में करता था नशीले टैबलेट की तस्करी, 608 नग नशीली टेबलेट के साथ गिरफ्तार.!!



डेस्क खबर ./ अंबिकापुर संभाग में नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। विश्रामपुर तहसील में चपरासी के पद पर कार्यरत एक युवक को लग्जरी कार में नशीले टैबलेट की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान अभिषेक साहू के रूप में हुई है, जो विश्रामपुर तहसील कार्यालय में चपरासी के तौर पर पदस्थ है।

संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक लग्जरी कार के जरिए नशीले टैबलेट की खेप लेकर सूरजपुर की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने तिलसीवा ग्राउंड, सूरजपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान कार से 608 नग नशीले टैबलेट बरामद किए गए।आबकारी विभाग ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। विभाग का कहना है कि पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं और मामले में आगे और खुलासे हो सकते हैं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है ।