
स्थानीय रिपोर्टर की कलम से
डेस्क बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर-रतनपुर मुख्य मार्ग पर सिद्धिविनायक मंदिर के पास रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात एक तेज रफ्तार स्वराज मज़्दा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। कटनी से रायपुर आटा लेकर जा रही मज़्दा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराई और पलट गई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें दो केबिन में फंस गए।
वाहन में सवार ड्राइवर शाहिद, कंडक्टर और लिफ्ट लेकर सफर कर रहे लक्ष्मण यादव थे। टक्कर के बाद ड्राइवर किसी तरह बाहर निकल आया, जबकि कंडक्टर और लक्ष्मण वाहन में बुरी तरह फंसे रह गए। लक्ष्मण का एक पैर दब गया था, जिससे वह दर्द से कराह रहा था।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। रतनपुर पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और गैस कटर मंगवाकर वाहन का अगला हिस्सा काटा गया। ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस दौरान रतनपुर पुलिस के जवानों, विशेषकर प्रधान आरक्षक दिनेश कांत और आरक्षकों—आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर, सुदर्शन मरकाम, सुनील कोरी और गोविंद जायसवाल—ने सराहनीय भूमिका निभाई। नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों में सहयोग किया।
तीनों घायलों को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। लक्ष्मण यादव के पैर में चोट आई है, लेकिन सभी की हालत स्थिर है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना सामने आई है। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

