
डेस्क खबर…/ बिलासपुर के ठग को सरगुजा जिले की पुलिस ने गिरफ्तार करने मे सफलता हासिल की है । जालसाज ठग ने अंबिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति से शॉपिंग मॉल में कमरे देने का झांसा देकर 12 लाख 30 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर ठगी की रकम से खरीदी गई कार को भी जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, शहर के लक्ष्मी होटल के संचालक अशोक गुप्ता से आरोपी राजपाल सिंह बागड़िया ने संपर्क किया था। उसने अशोक गुप्ता को अंबिकापुर में निर्माणाधीन शॉपिंग मॉल में दो कमरे देने का झांसा देकर 12 लाख 30 हजार रुपए की ठगी की।

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी राजपाल सिंह बागड़िया को ग्रीन गार्डन कॉलोनी, शुभम विहार, बिलासपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से ठगी की रकम से खरीदी गई एक नई कार भी बरामद की गई है।
इस संबंध में एएसपी सरगुजा, अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इससे पहले और कितने लोगों को इसी तरह ठगा है।
