डेस्क खबर

मुंगेली में जमीन के नाम पर बड़ा षड्यंत्र: करोड़ों की संपत्ति हड़पने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपियों पर FIR दर्ज


डेस्क खबर बिलासपुर/मुंगेली: मुंगेली जिले में करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को धोखाधड़ी व षड्यंत्रपूर्वक कौड़ियों के भाव में हड़पने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी सहित कुल छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी पहले पीड़ित को चंद रुपयों का लालच देकर बड़े लाभ के सपने दिखाते थे। इसके बाद जानबूझकर उसे कर्ज के जाल में फंसा दिया जाता था। कर्ज के एवज में जान का भय दिखाकर पीड़ित को डराया-धमकाया जाता था। फिल्मी स्टाइल में अलग-अलग खातों में पैसे जमा करवाने के साथ ही आरोपियों ने एक स्कूली छात्र के नाम करोड़ों की संपत्ति हड़पने का षड्यंत्र रचा।

आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से पीड़ित को लगातार मानसिक दबाव में रखा और उसकी मां को भी धोखे में डालकर पुराने कर्ज की अदायगी के बहाने उनकी जमीन हड़पने का प्रयास किया।

आवेदक की शिकायत पर मुंगेली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रदीप सिंह पिता महेंद्र सिंह के साथ अन्य पांच आरोपियों आयुष प्रताप सिंह उर्फ समीर, सूरज मक्कड़, लवजीत सिंह, राजू साहू और आयुष ठाकुर के खिलाफ अपराध क्रमांक 96/2025 के तहत धारा 318/4 व 308 (2) 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में और भी आरोपी शामिल हो सकते हैं, जिसके लिए जांच तेज कर दी गई है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है।

मुंगेली निवासी की रिपोर्ट

error: Content is protected !!