रायपुर

विधानसभा में उमेश पटेल ने उठाया उद्योगों के अनुदान का मुद्दा, मंत्री ने किया 423 करोड़ रुपये के भुगतान का ऐलान .. उद्योगपतियों मे खुशी की लहर



रायपुर विधानसभा में कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने रायगढ़ और सारंगढ़ क्षेत्र के उद्योगों को रुके हुए अनुदान का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने वाणिज्य और उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन से उद्योगों को लागत पूंजी अनुदान के बकाया भुगतान को लेकर जानकारी मांगी।

उमेश पटेल ने सदन में बताया कि रायगढ़ और सारंगढ़ क्षेत्र में कुल 153 उद्योगों के अनुदान भुगतान का मामला लंबित है। इनमें से 19 मामले पिछली सरकार के कार्यकाल के हैं, जबकि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में 35 नए मामले लंबित हो गए हैं। उन्होंने सरकार से जल्द इन उद्योगों को राहत देने की मांग की।

प्रश्नकाल के दौरान उठे इस मुद्दे पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जवाब देते हुए पूरे प्रदेश के उद्योगपतियों को बड़ी राहत दी। मंत्री ने घोषणा की कि मार्च तक प्रदेश के उद्योगों को अनुदान के रूप में लंबित 423 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया जाएगा। इस घोषणा से प्रदेश के व्यापारिक और औद्योगिक क्षेत्र में खुशी की लहर है।

उद्योग मंत्री ने आगे कहा कि सरकार उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है और बकाया भुगतान जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा ताकि औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिल सके।

इस फैसले के बाद उद्योगपतियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है, जिससे उत्पादन और रोजगार के क्षेत्र में सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है।

error: Content is protected !!