गिरौदपुरी धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मेले की राशि बढ़ाने और शेड निर्माण की दी सौगात..!
अपने हाथो से श्रद्धालुओं को मुखिया ने बाँटा प्रसाद..!


बलौदाबाजार। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल गिरौदपुरी धाम पहुंचे। उन्होंने बाबा गुरुघासीदास जी के मुख्य मंदिर में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के साथ खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल और धर्मगुरु बाल दास भी मौजूद रहे।
।
गिरौदपुरी धाम में हर वर्ष आयोजित होने वाले विशाल मेले को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने मेले की राशि को 25 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये करने का ऐलान किया। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि मुख्य गेट से लेकर मंदिर तक लेटकर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए शेड का निर्माण किया जाएगा, जिससे वे धूप और बारिश से सुरक्षित रह सकें।

बता दें कि गिरौदपुरी धाम सतनाम धर्म के प्रवर्तक गुरु घासीदास जी की जन्मस्थली है, जहां हर साल श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। इस वर्ष का तीन दिवसीय गिरौदपुरी मेला 4 मार्च से शुरू होकर 6 मार्च तक चलेगा। मेले में प्रदेशभर से लाखों श्रद्धालु गुरु दर्शन और सतनाम संस्कृति के महत्त्व को समझने पहुंचते हैं। गिरौदपुरी धाम अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व के चलते छत्तीसगढ़ के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को और अधिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनकी आस्था और भक्ति के मार्ग को सुगम बनाया जा सकेगा।