
डेस्क खबर बिलासपुर…/ प्रदेश की न्यायधानी मे पुलिस ने बडी कार्यवाही मे सफलता हासिल की है। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए नशे के सौदागरों की चार करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई में संजीव कुमार छाबड़ा उर्फ सुच्चा सिंह सहित चार अन्य आरोपियों की संपत्ति को जब्त किया गया है। साफेमा (SAFEMA) न्यायालय ने इस संपत्ति को अवैध घोषित कर जब्ती की कार्रवाई को मंजूरी दी है।
संजीव छाबड़ा की जब्त संपत्ति नागपुर, जबलपुर और फरीदाबाद में स्थित है। इसमें व्यवसायिक दुकानें, निर्माणाधीन इमारतें और शेयर बाजार में किए गए 33 लाख रुपये का निवेश शामिल है। इसके अलावा, पुलिस ने काजल कुर्रे की 15 लाख रुपये की अवैध संपत्ति को भी जब्त किया है। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने नशे के कारोबार से अर्जित धन को कानूनी रूप से वैध दिखाने के लिए फर्जी फर्मों और खातों का इस्तेमाल किया था।

अब तक पुलिस ने चार मामलों में कुल चार करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसके साथ ही, NDPS एक्ट के तहत 19 वाहनों को भी राजसात किया गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में नशे के व्यापार से जुड़े अन्य आरोपियों की संपत्ति की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के इस फरमान के बाद से नशे के सोदागरो मे खलबली मची हुई है। इस बड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला और पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पूरी टीम की सराहना की है। पुलिस की इस मुहिम से नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने में और समाज मे नशे के दुस्प्रभाव को खत्म करने मे बड़ी सफलता मिलने की कप्तान रजनेश सिंह ने उम्मीद जताई है।
