

डेस्क खबर बिलासपुर। एक ओर जहां बिलासपुर जिले के पुलिस कप्तान द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर जिले को नशामुक्त बनाने की कोशिश की जा रही है, वहीं दूसरी ओर चकरभाठा क्षेत्र में कई ढाबों और होटलों में खुलेआम शराब पिलाए जाने का मामला सामने आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि इनमें से कुछ ढाबे थाने से महज चंद दूरी पर ही संचालित हो रहे हैं, इसके बावजूद पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लग रही है। गौरतलब है कि थाने से कुछ ही दूरी पर हुक्का के अवैध कारोबार का संचालन एक नामचीन होटल में सुनोजियत तरीके से किया जा रहा था ,कई सालों से हुक्का बार की भनक पुलिस को नहीं थी और बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश के बाद हुई कार्यवाही ने नशे के कारोबार का पर्दाफाश करते हुए होटल के मैनेजर के खिलाफ कार्यवाही की थी ।
सूत्रों के अनुसार रायपुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर स्थित कुछ ढाबों में अंदर कमरे बनाकर शराब पिलाने की व्यवस्था की गई है। बताया जा रहा है कि चकरभाठा थाने के पास स्थित न्यू पंजाब ढाबा में भी इसी तरह का अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा है। सामने आए एक वीडियो में ढाबे के अंदर शराब की बोतलें दिखाई दे रही हैं और संचालक ग्राहकों से पैसे लेते हुए नजर आ रहा है।

सूत्रों का दावा है कि यहां दिन-रात शराब पीने की व्यवस्था रहती है और ढाबे के अंदर बने दो कमरों में ग्राहकों को बैठाकर शराब पिलाई जाती है। इतना ही नहीं, संचालक द्वारा पुलिस से सुरक्षा होने का दावा भी किया जाता है। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र के एक चर्चित ढाबे में पहले भी शराब पार्टी के बाद विवाद और मारपीट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पुलिस को इस अवैध कारोबार की जानकारी नहीं है या फिर सब कुछ जानकर भी अनजान बनी हुई है ?? जिसका जवाब पुलिस प्रशासन ही बेहतर दे सकता है ।
