

डेस्क खबर छत्तीसगढ़ ./ मध्यप्रदेश के मंडला जिले में बच्चा चोर होने के शक में भीड़ की क्रूरता का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां छत्तीसगढ़ के एक नाबालिग की इलाज के दौरान मौत हो गई । इस मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा जिसमें दावा किया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के एक 17 वर्षीय नाबालिग की ग्रामीणों द्वारा बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,हालांकि डंका राम वेब पोर्टल इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है
जानकारी के अनुसार 26 फरवरी को मंडला जिले के एक गांव में ग्रामीणों ने एक नाबालिग को बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया। भीड़ ने बिना किसी पुष्टि के उसके हाथ-पैर बांध दिए और डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। पिटाई के कारण नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बताया जा रहा है कि अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे सड़क किनारे उसका शव मिलने से पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। मृतक की पहचान छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के जंगल तरेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुकरापानी निवासी अमरलाल (17) के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर परिजन मंडला जिले के बिछिया पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों के अनुसार अमरलाल मानसिक रूप से दिव्यांग था और कुछ समय पहले घर से लापता हो गया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि ग्रामीणों ने गलतफहमी में उसे बच्चा चोर समझ लिया और भीड़ का शिकार बना दिया। फिलहाल इस मामले में कई पहलुओं पर सवाल उठ रहे हैं कि अमरलाल की मौत भीड़ की पिटाई से हुई या फिर घटना के बाद सच्चाई छिपाने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।