नगर निकाय चुनाव: गौरेला-पेंड्रा में दिग्गज नेताओं ने किया रोड शो, जनता से मांगा समर्थन.. एक दूसरे पर लगाया गंभीर आरोप..


अरविंद सिंह की रिपोर्ट
डेस्क खबर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रचार अभियान अब तेज हो गया है। 11 फरवरी को होने वाले मतदान के लिए सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव प्रचार में अब दिग्गज नेता भी शामिल हो गए हैं।
जिले के प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने गौरेला नगर पालिका परिषद में भाजपा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मुकेश दुबे और पेंड्रा से भाजपा प्रत्याशी रितेश फरमानिया के पक्ष में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने जनता से भाजपा को समर्थन देने और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। रोड शो में मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची, भाजपा नेता और वार्ड सदस्य शामिल रहे।
वहीं, कांग्रेस की ओर से कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत ने मरवाही में कांग्रेस प्रत्याशी मधु गुप्ता के समर्थन में रोड शो किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से कांग्रेस प्रत्याशी को जीत दिलाने की अपील की।

इस दौरान ज्योत्सना महंत ने प्रभारी मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता कांग्रेस को बदनाम करने में लगे रहते हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने यहां विकास के लिए कुछ नहीं किया है और केवल रीबन काटने तक सीमित रहे हैं।

सांसद ज्योत्सना महंत ने मरवाही विधायक पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधायक निर्दलीय प्रत्याशी को गोली मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने भाजपा नेता लखन देवांगन पर महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का उपयोग करने का आरोप लगाया।
रोड शो के साथ दोनों दलों ने अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने का दावा किया है। अब देखना यह होगा कि जनता किसे अपना बहुमूल्य वोट देकर विजयी बनाती है।