


डेस्क खबर बिलासपुर ./ जिले के कोटा विधानसभा क्षेत्र के पंचायत पोड़ी की अरपा नदी में कथित अवैध रेत उत्खनन की पड़ताल करने पहुंचे पत्रकार पर ट्रैक्टर चढ़ाकर कुचलने की कोशिश किए जाने मामला सामने आया है। पत्रकार का आरोप है कि क्षेत्र में स्थित अरपा नदी में अवैध रूप से रेत का खनन किया जा रहा है और बिना अनुमति के सरपंच और जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में यह पूरा खेल चल रहा है। रेत के खेल का पर्दाफाश करने के लिए मौके पर पहुंचे पत्रकार का दावा है कि ट्रैक्टर चालक ने कैमरे पर कहा, “हर गाड़ी के पीछे ₹300 सरपंच को देते हैं।” इसके बाद ट्रैक्टर तेज़ी से पत्रकार को कुचलने के लिए आगे बढ़ा, जिससे वह बाल-बाल बच गया। पत्रकार नीरज तिवारी का आरोप है कि किसी तरह वह जान बचा कर घटनास्थल से निकल पाया । उसी रात पत्रकार को अरपा नदी घाट पर बुलाकर दबाव बनाने की कोशिश की गई। बाद में उपसरपंच के मोबाइल से कॉल कर सरपंच द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का भी आरोप लगाया गया। जिसकी रिकार्डिंग भी सामने आई है जिसमें पत्रकार को गंदी गंदी गालियां दी जा रही है।
नोट./ आडियो में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है कृपया महिलाओं और बच्चों को दूर रखें ।
पत्रकार ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे मामले की जानकारी देने के लिए जिला खनिज विभाग के अधिकारियों को 20 से अधिक बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसे लेकर विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।


पत्रकार ने कलेक्टर और एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, ट्रैक्टर जब्ती और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सरपंच का पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। प्रशासनिक जांच के बाद ही आरोपों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। पत्रकार का दावा है कि उसके पास आरोपों के पूरे प्रमाणित साक्ष्य मौजूद है जिन्हें वह अधिकारियों के सामने पेश करेंगे । वही एक बार फिर जिले में अवैध , गैरकानूनी गतिविधियों का खुलासा करने के लिए कवरेज के दौरान इस घटना के सामने आने के बाद से एक बार फिर पत्रकारों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे है। फिलहाल आरोपों में कितना सच है और रेत चोरी के खेल में कौन कौन शामिल है इसका पता तो जांच के बाद ही चल पाएगा उम्मीद जताई जा रही हैं कि इन आरोपों को जिले में बैठे उच्च अधिकारी और जनप्रतिनिधि गंभीरता से लेंगे और इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करेंगे ताकि सच को उजागर करने वाले पत्रकारों की जान सुरक्षित रह सके ।
