बीते पांच साल में कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश में 18 लाख लोगों को पीएम आवास से वंचित किया: सीएम साय केंद्र की राशि मिलने के बावजूद योजना का लाभ नहीं ले पाई जनता ..मामा शिवराज का काका भूपेश पर तीखा हमला ..

बिलासपुर। बीते पांच साल छत्तीसगढ़ प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना पूरी तरह से ठप रही। प्रदेश के करीब 18 लाख गरीब परिवार को आवास नहीं मिल पाया है। जिसके कारण वे कच्चा घर व झुग्गी-झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं। हर मौमस में पांच साल से समस्या का सामना करते आ रहे हैं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ के 18 लाख लोग प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से वंचित हुए, क्योंकि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने राज्यांश नहीं दिया। जबकि केंद्र सरकार ने अपना पूरा केन्द्रांश दिया। राज्यांश नहीं देने के कारण केंद्र की राशि भी वापस हो गई। इसी सम्बन्ध में सोमवार को मंत्री शिवराज सिंह चौहान से एक-एक बिंदु पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने हमारी बातों को ध्यान से सुना और गरीबों को पक्का मकान दिलाने के लिए पूरी तरह आश्वस्त किया। मंत्री ने नक्सली हमले में शहीदों के परिजनों और आत्मसमर्पण करने वाले लोगों के लिए भी पीएम आवास की हमारी मांग को सहानुभूति पूर्वक सुनते हुए इसे पूरा करने के लिए आश्वस्त किया है।
भूपेश के नेतृत्व की सरकार ने गरीबों को घर से वंचित रखने का पाप किया है- शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुझे आश्चर्य है कि छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली पिछली कांग्रेस सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक भी घर नहीं बनने दिया, जो गरीबों के लिए बनाया जाना था। केंद्र ने पैसा भेजा लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लिए राज्य का हिस्सा जारी नहीं किया। इसलिए उस पैसे का उपयोग नहीं हुआ और इसे वापस भेज दिया गया। उन्होंने हजारों गरीबों को घर से वंचित रखने का पाप किया है। आज हमने साथ बैठकर चर्चा की। सीएम और डिप्टी सीएम ने इस मुद्दे को आगे बढ़ाया है। मोदी सरकार का उद्देश्य घर उपलब्ध कराना है। केंद्र उनका पूरा समर्थन करेगा।