

डेस्क खबर | रायपुर। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय माना में महिला आरक्षक प्रशिक्षुओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को लेकर विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मेटा क्लिनिक के सहयोग से आयोजित शिविर का उद्घाटन पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण एवं राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी के निदेशक जी.पी. सिंह ने किया। शिविर में करीब 500 महिला आरक्षक प्रशिक्षुओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

कार्यक्रम में पीटीएस माना के पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, मेटा क्लिनिक के निदेशक विवेक लाठ, सीईओ जिया जिंदल सहित प्रशिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

संबोधन में जी.पी. सिंह ने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और अनुशासन की कठिन परीक्षा है। नियमित ड्रिल, पीटी, आउटडोर गतिविधियों और अध्ययन के बीच शरीर को स्वस्थ रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि फिट पुलिसकर्मी बेहतर निर्णय लेने और जनता की प्रभावी सेवा करने में सक्षम होता है।

महिला स्वास्थ्य पर जोर देते हुए उन्होंने एनीमिया, पोषण की कमी, हड्डियों की कमजोरी, मासिक धर्म संबंधी समस्याओं और तनाव को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। लगातार थकान या दर्द होने पर चिकित्सकीय मदद लेने की बात कही।

उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य को भी महत्वपूर्ण बताते हुए प्रशिक्षुओं से परेशानी होने पर प्रशिक्षकों, सहकर्मियों या परामर्शदाताओं से संवाद करने का आग्रह किया।

जी.पी. सिंह ने कहा कि स्वस्थ दिनचर्या, संतुलित भोजन, पर्याप्त नींद और नियमित जांच प्रशिक्षण के साथ पूरे सेवाकाल में उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने शिविर में सामने आई स्वास्थ्य समस्याओं वाले प्रशिक्षुओं का आगे उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
