मुक्तिधाम का पेड़ काटा, ग्रामीणों ने पकड़ी गाड़ी
सेमल की लकड़ी ले जाते वाहन को ग्रामीणों ने रोका, वन विभाग ने जब्त कर पेण्ड्रा डिपो भेजा


डेस्क खबर | मुक्तिधाम परिसर में लगे वर्षों पुराने सेमल के पेड़ को काटकर ले जाने का मामला सामने आया है। 22 नवंबर की शाम करीब 5 बजे पेड़ की लकड़ी वाहन में लोड की जा रही थी, तभी ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे लोगों ने लकड़ी ले जा रहे वाहन को रोककर वन विभाग और डायल 112 को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, पनिका समाज के श्मशान घाट में स्थित सेमल के पेड़ को काटकर स्वराज माजदा वाहन क्रमांक CG 10 CG 7037 में लकड़ी भरी जा रही थी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की, जिसमें श्यामलाल पिता श्रीराम का नाम सामने आया। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन को आगे जाने से रोक दिया।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लकड़ी लदे वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। जब्त वाहन को लकड़ी सहित निस्तार डिपो पेण्ड्रा ले जाया गया। घटनास्थल पर पंचनामा तैयार किया गया, जिस पर राजाराम, उपसरपंच रोहित बाकरे, पंच प्रताप सिंह, मोहित राम, रमेश भार्गी समेत अन्य ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए।
ग्रामीणों ने श्मशान घाट परिसर के पेड़ को सामुदायिक संपत्ति बताते हुए कटाई पर आपत्ति जताई। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
