रामानुजगंज महाविद्यालय को 2.91 करोड़ के अतिरिक्त भवन की सौगात, जल्द शुरू होगा निर्माण
मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से मिली स्वीकृति, 2500 विद्यार्थियों को मिलेगी बेहतर शैक्षणिक सुविधा; अश्विनी गुप्ता ने जताया आभार


डेस्क खबर बलरामपुर../ रामानुजगंज के शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 91 लाख 22 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। उच्च शिक्षा विभाग से मिली प्रशासनिक स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। दो दिन पूर्व टेंडर खुलने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
यह सौगात क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से मिली है। अतिरिक्त भवन बनने से महाविद्यालय में अध्ययनरत करीब 2500 विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और कॉलेज में कक्षों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।

शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय वर्ष 1987 से रामानुजगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। वर्तमान में यहां करीब 1600 नियमित और 900 स्वाध्यायी विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या और शैक्षणिक जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।


इस स्वीकृति पर महाविद्यालय जनभागीदारी प्रबंधन समिति के विधायक प्रतिनिधि अश्विनी गुप्ता ने मंत्री रामविचार नेताम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विकास और उच्च शिक्षा की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मंत्री द्वारा किया गया प्रयास सराहनीय है। नए भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और महाविद्यालय के विकास को नई गति मिलेगी।
अश्विनी गुप्ता ने महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनभागीदारी प्रबंधन समिति और क्षेत्रवासियों की ओर से मंत्री रामविचार नेताम का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सौगात रामानुजगंज के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

