डेस्क खबर

सरकारी शराब पीने से पार्षद समेत दो की मौत से मचा हड़कंप, एसपी ने जांच के लिए गठित की टीम,,,सिम्स अस्पताल में हुई मौत ..



डेस्क खबर ../  जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ नगर पंचायत में सरकारी शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 8 के पार्षद रामखिलावन जांगड़े और जोहित राम खरे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात अंग्रेजी शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें उपचार के लिए पामगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर किया गया। बिलासपुर में उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पामगढ़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतकों के साथ शराब पीने वाले दो अन्य साथियों कमलनाथ खरे और मुकेश कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पूछताछ के दौरान एक युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जांच की जिम्मेदारी पामगढ़ थाना प्रभारी, शिवरीनारायण एसडीओपी और साइबर टीम को सौंपी है। पुलिस को मृतकों के साथ शराब पीने वाले लोगों के आपसी संबंधों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके साथ ही मृतकों के बिसरा को सुरक्षित रखकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों की मौत शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल अंग्रेजी शराब में सुहागा मिलाकर हत्या की आशंका की भी जांच पुलिस कर रही है और संभवतः जल्द ही जांजगीर पुलिस इस मौत के रहस्य की गुत्थी को सुलझा कर बड़ा खुलासा कर सकती है ।

error: Content is protected !!