



डेस्क खबर बिलासपुर../ प्रदेश की न्यायधानी बिलासपुर के मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी में एक वृद्धा के अंतिम संस्कार के बाद ऐसा हादसा हुआ, जिसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे मामा-भांजे की ऑटो अचानक पीछे की ओर लुढ़कते हुए जलती चिता में जा घुसी। चिता की आग ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जल गया। हादसे में झुलसे मामा-भांजे को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक निवासी दशरथ सिंह राजपूत ऑटो चलाते हैं। उनके भांजे शैलेंद्र सिंह कोरबा के इमलीडुग्गू में रहते हैं। शुक्रवार को मंगला के धुरीपारा निवासी उनकी रिश्तेदार वृद्धा की तबीयत खराब होने के कारण मौत हो गई थी। इसकी सूचना मिलने पर दशरथ अपने भांजे के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे।

अंतिम संस्कार के बाद दोनों ऑटो से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान ऑटो बैक गियर में लगी हुई थी। दशरथ ने जैसे ही ऑटो स्टार्ट कर आगे बढ़ाने की कोशिश की, वाहन आगे जाने के बजाय पीछे की ओर चल पड़ा और सीधे जलती चिता में जा घुसा। अचानक हुए इस हादसे से वहां अफरा-तफरी मच गई। ऑटो में बैठे दशरथ और शैलेंद्र किसी तरह बाहर निकले, लेकिन तब तक आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया था। देखते ही देखते ऑटो पूरी तरह जल गई। हादसे में झुलसे मामा-भांजे को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
