
डेस्क खबर बिलासपुर./ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई द्वारा सेंट्रेल यूनिवर्सिटी में आयोजित होली मिलन समारोह में जमकर बवाल हो गया । मामूली विवाद में छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो चुका है गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम उस समय विवाद में बदल गया, जब छात्रों के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की घटना सामने आई। घटना से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर में होली पर्व को लेकर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। चूंकि हॉस्टल में रहने वाले कई छात्र आगामी छुट्टियों में अपने घर जाने वाले हैं, इसलिए पहले ही सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्र स्टेज पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे, जिस पर दूसरे गुट के छात्रों ने आपत्ति जताई। स्टेज पर जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद जल्द ही बहस में बदल गया और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद अन्य छात्रों एवं आयोजकों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि संबंधित छात्रों की पहचान कर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। वही इस मामले में कोनी पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी पक्ष की तरफ से कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है इसलिए अभी तक मामला दर्ज नहीं हो पाया है और यदि शिकायत मिलती है तो मामले की जांच की जायेगी ।