कुसमी में कांग्रेस ने मनाया काला दिवस, मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने की मांग
लोकतांत्रिक अधिकारों के समर्थन में कांग्रेसजनों ने किया धरना-प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन




राहुल गुप्ता
डेस्क खबर/ कुसमी / बलरामपुर। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर गुरुवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के तत्वावधान में काला दिवस मनाते हुए धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने 6 अक्टूबर को दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों द्वारा चुनाव आयोग से मुलाकात के लिए किए गए मार्च के दौरान उन्हें रोके जाने की घटना का विरोध किया। कांग्रेसजनों का कहना था कि लोकतंत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने और संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष अपनी मांग रखने का अधिकार है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से पृथक किए जाने तथा पूरे मामले में न्यायोचित कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। इस संबंध में राष्ट्रपति के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), कुसमी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध के स्वर को सम्मान मिलना चाहिए तथा जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का अवसर दिया जाना चाहिए।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता, जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र भगत, मंडल अध्यक्ष श्रवण गुप्ता, पंकज दुबे, खसरू बुनकर, सिराजुल एवं फरीद खान, इंटक नेता रमेश पाण्डे, जिला महामंत्री मुजस्सम नजर, प्रदेश सचिव संतोष इंजीनियर, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य सोनू अली, महामंत्री वेदान्त भारती एवं राशीद आलम, जफर इकबाल, विक्रम गुप्ता, यासीन खान, वाहिद, हसीना, बबली, गीता नाग, पूर्व प्रदेश महासचिव पूर्णिमा सेमरिया, गौरव कुजूर, मुदस्सिर, अंकीत, नितिश तिर्की, गोल्डन, सदाब अंसारी, अमरनाथ, देवलाल, अनुराग एवं आकाश भगत सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
