सरस्वती शिशु मंदिर के प्राचार्य पर FIR दर्ज .. छात्र से मारपीट का वीडियो हुआ वायरल … 9वीं के छात्र के सिर, पीठ और घुटने में आई गंभीर चोट !




डेस्क खबर सक्ती। चंद्रपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के छात्रावास परिसर से छात्र के साथ बेरहमी से पिटाई का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक छात्र से कथित मारपीट का दृश्य दिखाई दे रहा है। मामले में छात्र के परिजनों की शिकायत पर विद्यालय के प्राचार्य जगन्नाथ नायक के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।शिकायत के अनुसार ग्राम तिलाईपाली निवासी शशिभूषण गुप्ता का पुत्र क्षत्रपति गुप्ता, कक्षा 9वीं का छात्र है। 30 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे वह छात्रावास के बाथरूम के पास अपने सहपाठी से बातचीत कर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान प्रभारी आचार्य ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के से मारपीट की और बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया।
परिजनों के मुताबिक घटना में छात्र के सिर, पीठ और बाएं घुटने में चोट आई। जानकारी मिलने पर परिजन रात करीब 10 बजे चंद्रपुर पहुंचे और थाने में शिकायत दर्ज कराई।
FIR प्राचार्य पर, मारपीट के आरोप प्रभारी आचार्य पर
मामले में पुलिस ने प्राचार्य जगन्नाथ नायक के खिलाफ BNS की धारा 296, 351(3), 115(2) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत अपराध दर्ज किया है। वहीं शिकायत में कथित मारपीट के लिए प्रभारी आचार्य का उल्लेख किया गया है। पुलिस के अनुसार वीडियो, शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
