डेस्क खबर

बलरामपुर जिले को 157 करोड़ की विकास सौगात, 191 कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी विकास कार्यों की सौगात, पेयजल, सड़क, पुल, कृषि और शिक्षा से जुड़े कार्यों से बदलेगी जिले की तस्वीर



राहुल गुप्ता /

डेस्क खबर बलरामपुर। जिले के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से गुरुवार को आयोजित समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जिलेवासियों को बड़ी विकास सौगात दी। आरागाही-ताम्बेश्वरनगर स्थित खेल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कुल 157 करोड़ 4 लाख रुपये की लागत वाले 191 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने की। इस अवसर पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।



समारोह में 126 करोड़ 4 लाख रुपये के 171 पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया, जबकि 30 करोड़ 99 लाख रुपये के 20 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं में पेयजल, सड़क, पुल, कृषि, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।



पेयजल के क्षेत्र में सबसे बड़ी सौगात

जिलेवासियों के लिए सबसे बड़ी सौगात पेयजल के क्षेत्र में मिली। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा 66 करोड़ 93 लाख रुपये की लागत से तैयार 35 जल प्रदाय योजनाओं का लोकार्पण किया गया। ये योजनाएं जिले के सभी छह विकासखंडों के विभिन्न गांवों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करेंगी।

योजनाओं के शुरू होने से हजारों परिवारों को घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को दूर-दराज से पानी लाने की परेशानी से राहत मिलेगी।

चार उच्चस्तरीय पुल जनता को समर्पित

आवागमन और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने की दृष्टि से भी यह आयोजन महत्वपूर्ण रहा। 24 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से निर्मित चार उच्चस्तरीय पुलों का लोकार्पण किया गया।

इनमें डीपाडीहकला-करमी उरांवटोली मार्ग पर गलफुल्ला नदी में निर्मित करीब 12 करोड़ 3 लाख रुपये का पुल प्रमुख है। इसके अलावा देवरी-मदगुरी, सुंदरपुर-चौराखाड़ तथा अंबिकापुर-धनवार-वाराणसी मार्ग पर निर्मित पुल भी जनता को समर्पित किए गए।

इन पुलों से बरसात के दौरान प्रभावित होने वाले गांवों को सालभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। वहीं 18 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से चार अन्य उच्चस्तरीय पुलों का भूमिपूजन किया गया। इनका निर्माण इरिया, मोरन, सिंदूर और बांकी नदियों पर किया जाएगा।

किसानों के लिए 33 करोड़ से अधिक के 130 कार्य

कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए कृषि विपणन बोर्ड के 33 करोड़ 1 लाख रुपये के 130 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें महावीरगंज में 5,400 मीट्रिक टन क्षमता का गोदाम भी शामिल है। इससे किसानों को अपनी उपज के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिल सकेगी।

इसके अलावा महावीरगंज, कनकपुर, मानिकपुर, चम्पापुर, तातापानी, भैरोपुर चमनपुर और करचलगली में नीलामी चबूतरे, सीसी सड़क एवं शौचालय सहित हाट बाजारों का विकास किया गया है। बलरामपुर और रामचन्द्रपुर विकासखंड में 100 से अधिक स्थानों पर सीसी सड़क और पुलिया निर्माण कार्य भी किए गए हैं।

शिक्षा और नगरीय विकास को भी मिली मजबूती

शिक्षा के क्षेत्र में अमरावतीपुर में हाईस्कूल भवन का लोकार्पण किया गया। वहीं नगर पालिका बलरामपुर में 23 व्यावसायिक दुकानों को भी जनता के लिए समर्पित किया गया।

राजपुर में 1 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन तथा 4 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से चार किलोमीटर सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया।

बलरामपुर नगर में 4 करोड़ 2 लाख रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और मुक्तिधाम का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से नगर में स्वच्छता, बेहतर नागरिक सुविधाओं और व्यवस्थित शहरी विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

दूरस्थ अंचलों तक विकास पहुंचाने पर जोर

एक ही कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन से जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है। पेयजल से लेकर सड़क, पुल, कृषि, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं तक विभिन्न क्षेत्रों में स्वीकृत और पूर्ण परियोजनाएं जिले के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

error: Content is protected !!