

डेस्क खबर बिलासपुर../ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के उरकुरा रेलवे स्टेशन से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। चलती ट्रेन के सामने एक महिला के कूदने की कोशिश के दौरान स्टेशन मास्टर आनंद उपाध्याय ने तत्परता दिखाते हुए उसका हाथ पकड़कर पीछे खींच लिया और उसकी जान बचा ली।
बताया जा रहा है कि महिला के साथ उसके दो बच्चे भी स्टेशन पर मौजूद थे। बच्चों ने स्टेशन मास्टर को महिला के आत्मघाती कदम की जानकारी दी और उसे रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन महिला कथित तौर पर उनकी बात मानने को तैयार नहीं थी।बच्चों की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर आनंद उपाध्याय ने बिना देर किए महिला को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान महिला ट्रेन की ओर बढ़ी, तभी उन्होंने उसका हाथ पकड़कर उसे पीछे खींच लिया। जिसके कारण एक अनहोनी टल गई और महिला की जान बच गई।
पूरी घटना स्टेशन पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। वीडियो सामने आने के बाद स्टेशन मास्टर की तत्परता और साहस की चर्चा हो रही है और लोग जमकर तारीफ कर रहे है।

