आवासीय मकान में चल रहा स्कूल,गृह निर्माण समिति ने बंद करने का थमाया नोटिस ..दीनदयाल कॉलोनी मंगला में New Ambition Public School के संचालन पर उठे सवाल !


डेस्क खबर बिलासपुर../ बिलासपुर के दीनदयाल कॉलोनी मंगला में आवासीय मकान में संचालित New Ambition Public School को लेकर अब मामला गरमा गया है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के सहायक अभियंता ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्कूल बंद करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि गृह निर्माण मंडल के LIG, MIG और EWS मकानों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने पर रोक है। इसके बावजूद LIG श्रेणी के आवासीय भवन में स्कूल चलने की बात सामने आई है।
मामले में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्कूल भवन की छत की बाउंड्रीवॉल सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जरूरत बताई जा रही है। छोटे बच्चों की पढ़ाई ऐसे भवन में हो रही है तो सुरक्षा मानकों की अनदेखी कहीं गंभीर हादसे का कारण न बन जाए, यह सवाल भी उठ रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि आवासीय भवन में इस तरह का संचालन नियमों के खिलाफ है, तो स्कूल को अब तक किस आधार पर संचालित होने दिया गया? क्या संबंधित विभागों ने भवन और स्कूल की अनुमति तथा सुरक्षा मानकों की जांच की थी?गृह निर्माण मंडल की ओर से नोटिस जारी होने के बाद अब शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। नोटिस के बाद स्कूल प्रबंधन क्या कदम उठाता है और जिम्मेदार विभाग आगे क्या कार्रवाई करते हैं, यह देखने वाली बात होगी।
