हुड़दंगियों ने प्रशिक्षु DSP पर किया हमला ..
जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं, तो आम आदमी कितना सुरक्षित? गणेश विसर्जन में प्रशिक्षु DSP से मारपीट, निजी वाहन में तोड़फोड़! कानून व्यवस्था पर फिर उठे सवाल.?


डेस्क खबर अंबिकापुर../ गणेश विसर्जन के दौरान मणिपुर थाना क्षेत्र में सामने आई मारपीट की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वाहन को साइड देने की बात पर विवाद के बाद प्रशिक्षु DSP निशांत कुर्रे के साथ मारपीट और उनके निजी वाहन में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है। बताया गया कि निशांत कुर्रे वर्तमान में दरिमा थाना प्रभारी के पद पर पदस्थ हैं। विसर्जन जुलूस के दौरान मामूली विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और देखते ही देखते मारपीट की नौबत आ गई। आरोप है कि हुड़दंगियों ने प्रशिक्षु DSP को घेरकर उनके साथ मारपीट की और वाहन में तोड़फोड़ की।


घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है—अगर ड्यूटी से जुड़े एक पुलिस अधिकारी के साथ भीड़ के बीच इस तरह मारपीट और तोड़फोड़ हो सकती है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था कितनी मजबूत है? मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि विवाद कैसे शुरू हुआ, मारपीट में कौन-कौन शामिल था और घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कहां चूक गई।
पुलिस अधिकारी पर हमला सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि सार्वजनिक व्यवस्था और कानून के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला है।
