डेस्क खबर

बिलासपुर में 23 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों पर पुलिस का शिकंजा ,बिना वैध दस्तावेजों के रहने वालों की जांच तेज, सभी को रायपुर डेस्टिनेशन सेंटर भेजा



डेस्क खबर बिलासपुर./ राज्य शासन के निर्देश पर बिलासपुर  शहर में बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे संदिग्ध बाहरी नागरिकों की पहचान को लेकर बिलासपुर पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सिरगिट्टी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 23 लोगों को चिन्हित कर आगे की जांच के लिए रायपुर स्थित डेस्टिनेशन सेंटर भेजा है।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों की पहचान और उनके दस्तावेजों से जुड़े इनपुट जुटाए गए थे। पुलिस टीम ने मुर्शिदाबाद सहित अन्य स्थानों पर जाकर भी जानकारी एकत्र की थी। इसके बाद बिलासपुर में विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध लोगों की पहचान की गई।


फिलहाल पुलिस सभी 23 लोगों के दस्तावेज, पहचान, भारत में प्रवेश और यहां रहने से संबंधित जानकारी की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वे कहां से आए, कब से बिलासपुर में रह रहे हैं और यहां रहने का उनका उद्देश्य क्या है।
पुलिस का कहना है कि किसी भी विदेशी नागरिक का भारत में रहना निर्धारित नियमों और वैध दस्तावेजों के अधीन है। जांच में यदि किसी व्यक्ति के बांग्लादेशी नागरिक होने और भारत में रहने के लिए आवश्यक वैध दस्तावेज नहीं होने की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिलासपुर पुलिस ने इस पूरे अभियान के लिए विशेष टास्क फोर्स को सक्रिय किया है। पुलिस का फोकस ऐसे लोगों की पहचान और सत्यापन पर है, जो बिना उचित दस्तावेजों के शहर में रह रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही प्रत्येक व्यक्ति के संबंध में आगे का निर्णय लिया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में संदिग्ध विदेशी नागरिकों की पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

error: Content is protected !!