

डेस्क खबर बिलासपुर./ बिलासपुर के कोतवाली थाना में रक्षाबंधन की रात खपरगंज में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, झड़प और पथराव के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले के एक पक्ष के मुख्य आरोपी बताए जा रहे सुहैल खान को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार नागपुर से बिलासपुर पहुंचे कथित आरोपी को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर बवाल हुआ था। देखते ही देखते मामला मारपीट और पथराव तक पहुंच गया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।पुलिस पिछले करीब तीन दिनों से सुहैल खान की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।एसएसपी रजनेश सिंह ने सुहैल खान की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस के मुताबिक, हिंसा के मामले में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है और पूरे घटनाक्रम को लेकर अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है,पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुहैल और लगभग आधा दर्जन अन्य आरोपियों को पकड़ने में पुलिस ने सफलता हासिल की है और कल पुलिस इस मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है।खपरगंज में हुए इस बवाल के बाद पुलिस ने इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बढ़ा दी थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
फिलहाल बड़ा सवाल यह है कि हिंसा की पूरी साजिश क्या थी और इस बवाल के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे? पुलिस जांच के बाद पूरे मामले की तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।पुलिस का दावा है कि शहर की फिजा की हवा के नफरत बोने वाले फरार अन्य आरोपी जल्द ही कानून के शिकंजे में होगे और इनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
