डेस्क खबर

पटवारी के दफ्तर में घुसकर लोहे की पाइप से हमला, सिर पर किया वार..तीन साल से पट्टे के लिए भटक रहे आरोपी ने दिया वारदात को अंजाम .वीडियो आया सामने पुलिस कर रही आरोपी की तलाश !!



रिपोर्ट _अरविंद सिंह
डेस्क खबर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही…/ पैसा देने के बाद भी पटवारी द्वारा पट्टे नहीं दिए जाने पर आरोपी युवक ने सरकारी दफ्तर के घुसकर पटवारी पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। मरवाही थाना क्षेत्र के दानीकुंडी में सरकारी कार्यालय के भीतर पटवारी पर हमला किए जाने की घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने से  हड़कंप मच गया। हल्का क्रमांक 26 में पदस्थ पटवारी शुद्ध राम कोल कार्यालय में बैठे हुए थे, तभी सचराटोला निवासी प्रकाश सिंह वहां पहुंचा। बताया जा रहा है कि शासकीय कार्य को लेकर बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया।विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर कार्यालय में रखी लोहे की पाइप उठाकर पटवारी के सिर पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले में पटवारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से खून निकलने लगा। घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक पटवारी के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। वीडियो में आरोपी पटवारी के ऊपर बैठकर मारपीट करता दिखाई दे रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।




घायल पटवारी को तत्काल मरवाही अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। एसडीओपी मरवाही अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि पटवारी की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।


पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही विवाद की वास्तविक वजह और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


सरकारी कार्यालय में ड्यूटी के दौरान पटवारी पर हुए हमले से राजस्व विभाग के कर्मचारियों में भी चिंता का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस फरार आरोपी को कब तक गिरफ्तार करती है और जांच में इस हमले की पूरी वजह क्या सामने आती है।लेकिन सामने आई इस घटना के बाद एक बार फिट  राजस्व विभाग द्वारा की जा रही लेटलतीफी और लोगों के आक्रोश को सामने ला दिया है।

error: Content is protected !!